May 21, 2026
धूमधाम से मनाए बालदिवस, उत्साहित माहौल में बच्चों ने दी प्रस्तुतियां

सृजन कोचिंग क्लासेज में धूमधाम से मनाया बाल दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में 8 साल से आरबीएसई व सीबीएसई के कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए संचालित कॉचिंग क्लासेज “सृजन” में धूमधाम से बाल दिवस बनाया गया। क्लासेज की डायरेक्टर वैशाली मदान ने बताया कि बच्चों के लिए खाने की स्टॉल्स लगवाई गई और विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। सभी बच्चों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई व म्यूजिक, डांस व ऑर्केस्ट्रा, मिमिक्री जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सबसे बड़े कोचिंग सेंटर सृजन क्लासेज में शिक्षा के साथ बाहरी ज्ञान का महत्व बताने व वातावरण समायोजन की समझ बढ़ाने के भी प्रयास किए जाते है। इंस्टीट्यूट में बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण और स्पोर्ट्स वीक जैसी गतिविधियां से जोड़ कर उनके सर्वांगीण विकास को बल दिया जाता है। क्लासेज के फाउंडर मोहित भोजक ने बताया कि क्लासेज में प्रति बच्चे के बेहतरीन प्रदर्शन पर पूरा फोकस किया जाता है। पूर्णतया इंग्लिश मीडियम में संचालित सृजन क्लासेज में आरबीएसई और सीबीएसई के बच्चों को कक्षा के अनुरूप बैचेस मे बांट कर प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा पढ़ाई करवाई जा रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सृजन क्लासेज में धूमधाम से मनाया बाल दिवस।

श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल में बालदिवस पर बच्चों को करवाया भ्रमण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास में स्थित श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। संचालक कांतिप्रकाश थेपड़ा ने बताया कि बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्कूल के विद्यार्थियों को देशनोक में करणी माता मदिंर के दर्शन करवाए गए। उन्हें मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक व सांस्कृतिक इतिहास की जानकारी देते हुए इसे चूहों वाले मंदिर के रूप में विश्व प्रसिद्ध होने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पूनरासर के हनुमानजी मंदिर, अंजनी माता मंदिर, तेजा गार्डन, लखासर भैरव मंदिर का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान स्कूल का स्टाफ सक्रिय रहा व बच्चों की सुरक्षा और देखरेख में जिम्मेदारी निभाई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने किया दर्शनीय स्थलों का भ्रमण।

उदरासर के राउमावि में पूनम बनी प्रिसिंपल पर और ऋषभ वाइज प्रिसिंपल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव उदरासर में वैद्य मघाराम राउमावि में शुक्रवार को उत्साह के साथ बाल दिवस मनाया गया। यहां बच्चों को कर्तव्य दायित्व के बोध, प्रबंधन व स्कूल संचालन के व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने के लिए उन्हें स्कूल का दायित्व दिया गया। प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने कक्षा 7 की छात्रा पूनम पूनियां को प्रिसिंपल और ऋषभ को वॉईस प्रिसिंपल बनाया। सभी बच्चों ने मिलजुल कर दैनिक दिनचर्या का पालन किया। वहीं बाल सभा की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने पंडित नेहरू के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बाल सभा में मुकेश कुमार ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के जीवन पर प्रसंगो का उल्लेख किया। व्याख्याता सुषमा सैन ने बाल दिवस को बच्चों को समर्पित एक राष्ट्रीय त्योहार बताया। सैन ने बच्चों के कानूनी अधिकारों के बारे जानकारी देते हुए कर्तव्यों के बारे में बताया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्टाफ व सभी विद्यार्थी शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उदरासर स्कूल में मनाया बाल दिवस, उत्साह के साथ शामिल हुए विद्यार्थी।

लिखमादेसर के राउमावि में मनाया बाल दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर के राउमावि में गुरूवार को प्रार्थना सभा के दौरान बाल दिवस का आयोजन किया गया। सभा में संत सोमनाथ जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। हिन्दी प्राध्यापक व विद्यालय उत्सव प्रभारी भगवती ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक बाल गीतों व कविताओं की प्रस्तुतियां दी गई। अध्यापक छोटेलाल ने “जब तक जिन्दा है धरती पर चाचा नाम तुम्हारा” कविता प्रस्तुत की। वरिष्ठ अध्यापक रामरतन ने नेहरू जी का जीवन परिचय देते हुए कृषि, विज्ञान, पंचवर्षीय योजनाओं के क्षेत्र में के उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ अध्यापक जीवणराम ने नेहरूजी की गुटनिरपेक्ष नीति के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य लक्ष्मीकांत वर्मा ने बाल सभा के आयोजन से बच्चों के रचनात्मक विकास और इससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन होने की बात कही। वर्मा ने विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की बात कहते हुए कार्यक्रम में शामिल सभी ग्रामीणों का आभार जताया। कार्यक्रम में देवाराम ज्याणी, मांगीलाल तिवारी, ओमप्रकाश कलवानियां सहित सभी शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए। सभी बच्चों को टॉफी वितरित कर बधाई दी गई।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर स्कूल में मनाया गया बाल दिवस।