






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 दिसम्बर 2020। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में राजनैतिक वर्चस्व की होड़ में अधिकारियों के तबादले होने का दौर लगातार जारी है। इसी क्रम में पिछले कई माह से पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ में नरेगा भुगतान को वैरीफाई नहीं करने एवं नरेगा कार्यों को भी कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं देने के कारण विवादों में आए पंचायत समिति के सहायक अभियंता महेशचंद्र वर्मा का तबादला कर दिया गया है। वर्मा को श्रीडूंगरगढ़ से पंचायत समिति चूरू भेजा गया है एवं चूरू पंचायत से सहायक अभियंता भवानी सिंह को श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में लगाया गया है। विदित रहे कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में पंचायत समिति राजनीति का अखाड़ा बनी हुई है। माना जा रहा है कि पंचायत समिति में नरेगा श्रमिकों के भुगतान के विवाद के समय तत्कालीन विधायक डिजायर पर आए बीडीओ एवं एईएन महेशचंद्र वर्मा के मध्य तनातनी हुई थी। ऐसे में यही माना जा रहा है कि अब एईएन का तबादला विधायक महिया की डिजायर पर हुआ है। वहीं इस मामले में ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा तो कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं देने पर आगामी 31 दिसम्बर से नरेगा बंद करने की चेतावनी भी दो दिन पूर्व दी गई थी। ऐसे में उनके तबादले को ग्राम विकास अधिकारियों के आंदोलन से भी जोड़ा जा रहा है।



