






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 नवंबर 2025। वंदे भारत सुपर फास्ट ट्रेन से पटरियों पर एक सांड टकराया तो रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर दुलचासर कोटासर अंडरब्रिज के पास रास्ता बंद कर दिया। इससे मार्ग के बंद होने से बासी महियान, खरला व गोनाणा, कालछा रोही के किसानों को अपने खेतों के लिए 20 किलोमीटर का सफर अतिरिक्त तय कर पहुंचना होगा। इससे किसानों में नाराजगी है और वे रेलवे से स्थाई रास्ता देने की मांग कर रहें है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर-रतनगढ़ रेल खंड पर पूर्व सूचना एवं मोहलत की अवधि पूरी होने पर शनिवार शाम को रेलवे द्वारा दुलचासर-कोटासर अंडरब्रिज के पास तिराहे मार्ग के दो तरफा रास्ता आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। रेलवे की जमीन से गुजरने वाले दो तरफ के रास्ते को बड़े पत्थर लगाकर बंद कर दिए जाने से आम जन परेशान हुआ है। रेलवे ने ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए रेलपटरियों के सामानांतर गुजरने वाले रास्तों को बंद करने का निर्णय लिया है। रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां दो तरफ दीवार बनाकर टीनशेड लगाया जाएगा। अभी तो अस्थाई रूप से पत्थर डालकर कर आवागमन को रोका गया है और जिससे निर्माण कार्य निर्बाध रूप से हो सकें। इस निर्माण कार्य के बाद स्थाई रूप से दो तरफ के रेलपटरियों के बराबर चलने वाले रास्ते बंद कर दिए जाएंगे।
20-25 किलोमीटर का हो गया अतिरिक्त सफर, पहले अंडरब्रिज निर्माण की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर निवासी जगदीश प्रसाद महिया ने बताया कि उनका खेत बासी महियान रोही में स्थित है। पहले खेत जाने के लिए छह किलोमीटर का सफर करना पड़ता था। अब रेलवे द्वारा मार्ग बंद किए जाने से बासी महियान के किसानों को पहले भोजास गांव जाना होगा। वहां से बेनीसर गांव और फिर बेनीसर से दुलचासर गांव आना है। यानि छह किलोमीटर की जगह अब 25 किमी का सफर करना होगा। वहीं काल़छा रोही के किसान किशोर सिंह ने बताया कि जहां अब काल़छा रोही के किसानों को दुलचासर गांव आने के लिए पहले सावंतसर गांव जाना होगा। वहां से सूडसर होते हुए दुलचासर आने का मतलब बीस किलोमीटर का अतिरिक्त सफर। किसानों ने कहा कि खेतों में चारा पड़ा है, जिसे घरों तक लेकर आना है। वहीं कटी फसल को भी मंडी तक ले जाना है। रेलवे भले ही अपने रास्ते बंद कर दें। लेकिन खेतों की ओर जो तीन रास्ते जा रहे हैं उस ओर पहले अंडरब्रिज बनाएं। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने किसानों के लिए रास्ता मांगा है। महिया ने कहा कि खेतों में इन दिनों खरीफ फसल की कटाई और रबी फसल की बिजाई का दौर चल रहा है। ऐसी स्थिति में रेलवे द्वारा सैकड़ों साल से प्रचलित मार्ग को अचानक बंद कर देना सरासर गलत निर्णय है। जिला प्रशासन का दायित्व बनता है कि वो किसानों को अपने खेतों में जाने के लिए मार्ग दे।
आज विधायक से मिलेंगे किसान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर के पूर्व सरपंच मोडाराम महिया ने बताया कि किसानों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक ताराचंद सारस्वत से मिलेगा और समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग करेगा।




