






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 नवंबर 2025। हाइवे पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की दो इंटरसेप्टर गाड़ियां की तैनाती की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। अब ये गाड़ियां जिले के विभिन्न थानों के अधीन सेवाएं देगी। एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में ओवरस्पीड वाहनों के चालान काटेंगी और कार्रवाई संबंधित पुलिस थानों के खातों में ही दर्ज की जाएगी। सप्ताह में रोजाना दो थाना क्षेत्रों में इंटरसेप्टर गाड़ियां तैनात रहेगी। ये गाड़ियां सोमवार को नोखा और नापासर पुलिस थाना, मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ और महाजन थाना, बुधवार को नाल और लूणकरणसर थाना, गुरूवार को देशनोक व सेरूणा थाना, शुक्रवार को जामसर और कोलायत थाना, शनिवार को छत्तरगढ़ और व्यास कॉलोनी थाना, रविवार को बीछवाल और पांचू थाना क्षेत्र में तैनात होगी। बीकानेर रेंज के आईजी रोजाना की गई कार्रवाइयों की समीक्षा करेंगे। अगर कमी पाई गई तो संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसके सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी यातायात प्रभारी कानाराम को दी गई है। आईजी बीकानेर रेंज हेमंत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए एक्सप्रेस-वे और आईवे पर इंटरसेप्टर गाड़ियां पुलिस थानों के अधीन रहकर काम करेंगी। शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का कारण ओवर स्पीड है। इसे देखते हुए ओवर स्पीड वाहनों पर नजर रखी जाएगी और चालान किए जाएंगे। पूर्व में इंटरसेप्टर की कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस थाने में इंद्राज होती थी। लेकिन, अब ये संबंधित पुलिस थानों में दर्ज होगी। इससे पुलिस थानों की जिम्मेदारी भी तय होगी।



