May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 दिसंबर 2025। गांव रीड़ी में जाखड़ परिवार में बेटी का विवाह दहेज मुक्त संपन्न हुआ तो ग्रामीणों ने बेटी की किस्मत को सराहा और वर पक्ष की प्रशंसा करते हुए उनका आभार जताया।
गांव में रामलाल जाखड़ की पुत्री का विवाह ज्याक सुजानगढ़ निवासी सांवताराम सारण के पुत्र अशोक के साथ रविवार को संपन्न हुआ। विवाह में गहने, कपड़े या दहेज का सामान नहीं लिया गया और परिवार ने दावा किया कि पूर्णतया दहेज मुक्त विवाह संपन्न हुआ है। वधू पक्ष के लोगों ने बताया कि वर अशोक सॉफ्ट वेयर इंजीनियर है और गुड़गांव में एक मल्टीनेशनल कंपनी में बहुत अच्छे पैकेज पर कार्यरत है। ये युवा अशोक की ही पहल थी कि वे विवाह बिना दहेज करेंगे जिसे उनके परिवार ने पूरा मान दिया और वधू पक्ष ने भी इसे सहर्ष स्वीकार किया। वधू पक्ष के सभी रिश्तेदारों ने दोनों परिवारों की सराहना की। विवाह में चूरू सांसद राहुल कस्वां, बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग, श्रीडूंगरगढ़ से युवा नेता हरिराम बाना, हेतराम जाखड़, लूणकरणसर से कांग्रेस नेता राजेंद्र मूंड सहित अनेक मौजिज लोग वर वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे।