May 20, 2026
00000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसंबर 2025। विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार गुरूवार को जयपुर में आयोजित राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने एवं सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय रोजगार मेला के आयोजन में शामिल हुए। सुथार ने बताया कि जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्य भर से युवा व युवतियां शामिल हुई। यह रोजगार मेला राज्य सरकार के सुशासन, पारदर्शिता और रोजगार सृजन की दिशा में किए गए ठोस प्रयासों का प्रतीक है तथा युवाओं के लिए नए अवसरों की राह खोलने वाला सशक्त मंच सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि सरकार द्वारा दो वर्षों में 1 लाख 12 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। इस अवधि में 200 से अधिक भर्ती परीक्षाएँ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं और राज्य सरकार की पारदर्शी एवं सख्त व्यवस्था के चलते एक भी परीक्षा पत्र लीक नहीं हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के शासन सचिव कुलदीप रांका सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा किया गया और कार्यक्रम में राइजिंग राजस्थान के अंतर्गत एमओयू की गई कंपनियों सहित राज्य की अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया तथा युवाओं से रोजगार हेतु आवेदन प्राप्त किए गए।