






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 फरवरी 2026। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने 4 फरवरी को इंदपालसर हथाना बास में एक बड़ी चोरी की वारदात के बाद 14 दिन में खुलासा करते हुए, दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदपालसर हथाना बास में फिल्मी स्टाइल में छत का जाल उतार कर रस्सी के सहारे नीचे उतर कर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन में थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव के निर्देशन में जांच टीम का गठन किया गया। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल बलवीर सिंह, कांस्टेबल पुनीत, जयप्रकाश, अभिषेक, चंद्रपाल, रामनिवास डीआर और अशोक कुमार ने अज्ञात चोरों की लगातार तलाश की और आखिरकार कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। पूरे प्रकरण में कांस्टेबल पुनीत की सराहनीय भूमिका रही। जांच अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साधनों और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए लूणकरणसर के गारबदेसर निवासी 30 वर्षीय सीताराम पुत्र धर्मदास स्वामी और 34 वर्षीय नत्थूदास उर्फ नत्थुराम पुत्र पूर्णदास स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कालू थाना क्षेत्र से दस्तयाब कर गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
ये था मामला, जिसमें पुलिस ने पकड़े दो आरोपी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 4 फरवरी 2026 की रात क्षेत्र के गांव इंदपालसर में हथाना रोड पर बनी रामचंद्र पुत्र शेरदास स्वामी की ढाणी में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर खेत में बने चारागृह की छत पर चढ़कर घर की छत पर चढें और छत पर लगा लोहे का जाल हटाकर रस्सी के सहारे आंगन में उतरे और तीन महिलाओं सहित घर के पुरूषों व बच्चों के लिए बनाए हुए सोने चांदी के गहने व नगदी चोरी कर ले गए। ग्रामीण लगातार इस वारदात का खुलासा करने की मांग कर रहें थे।




