






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मार्च 2026। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर मंगलवार को उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय व थाने का निरीक्षण करने के तय कार्यक्रम में श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे है। यहां तहसील कार्यालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और शांति समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक की। एसपी ने क्षेत्र की शांति व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कावेंद्र सिंह सागर ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के सामूहिक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों से समझाईश करें कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयाेग नहीं करें। बच्चे व युवा चलते वाहन पर रील बनाने से बचकर अपने जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देवें। सीएलजी सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए समाधान करवाने की मांगें रखी। किसान नेता तोलाराम जाखड़ ने ट्रोमा सेंटर का निर्माण तय व आवंटित स्थान पर ही करवाने की बात रखी। उन्होंने कहा कि ये सामाजिक सौहार्द का विषय है और सरकार स्थान बदलने का कार्य कतई ना करें। आपणो गांव सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने बेसहारा पशुओं के कारण हो रही समस्याओं को उठाया। जगदीश गुर्जर ने रमजान व नवरात्र के दौरान क्षेत्र में सौहार्द बने रहने की बात कही। कांग्रेसी नेता विमल भाटी ने हाइवे किनारे सर्विस रोड पर केवल घुमचक्कर के पास ही रेलिंग लगाकर बंद किए जाने से परेशान व्यापारियों की बात रखी। भाटी ने मुख्य बाजार में पुराने बस स्टैंड की चारदीवारी पर जमीन से ऊपर 6 फुट पर 6*6 की चौकीनुमा दुकानें काट दी जाए। रेहड़ी गाड़ा चालकों को किराए पर देने की बात कही, जिससे पालिका को आय भी मिले और बाजार में व्यवस्था भी सुचारू हो सकें। इस पर जिला कलेक्टर ने हाइवे साइट इंजीनियर को पूरी दूर पक्की जाली करने की बात कही। जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी को इस संबंध में आगे कार्य करने की बात कही। हरि सिखवाल ने बाजार में रेहड़ी व गाड़ा चालकों से हो रही अव्यवस्था को उठाते हुए समाधान की मांग की। महावीर माली ने सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग रास्ता रोकने की समस्या का समाधान करने की मांग की। बैठक में श्याम सुंदर जोशी, रमजान ठेकेदार सहित अनेक लोग मौजूद रहें। बैठक में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव, कृषि विभाग के अधिकारी रघुवर दयाल, विकास अधिकारी मनोज धायल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।




