






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए नए साल में रेलवे ने ख़ुशखबरी देते हुए एक बड़ी सौगात दी है। अब श्रीडूंगरगढ़ से राजस्थान की राजधानी जयपुर से रेल द्वारा सीधा जोड़ दिया गया है। इस रेल के चलने से श्रीडूंगरगढ़ वासी अब मथुरा, बृज, वृंदावन, प्रयागराज तीर्थों से भी सीधे आना जाना कर सकेंगे। इलाहाबाद से जयपुर के बीच चलने वाली इलाहाबाद- जयपुर एक्सप्रेस का विस्तार बीकानेर तक कर दिया गया है। यह गाड़ी प्रतिदिन जयपुर से सीकर, चुरू व रतनगढ़ होते हुए बीकानेर पहुंचेगी। जयपुर से बीकानेर के बीच यह रेलगाड़ी कब चलेगी, इसकी तिथि की अभी तक घोषणा नहीं की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 02404 प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस अब बीकानेर तक चलाई जाएगी। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री व बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल को पत्र भेजकर इसकी सूचना दी है। सांसद मेघवाल ने इस आदेश को अपनी फेसबुक पेज पर भी लगाया है। सीकर, चूरू व रतनगढ़, श्रीडूंगरगढ़ व नापासर स्टेशनों पर ठहराव तय किए जाएंगे। ये ठहराव रेलगाड़ी की समयसारणी व तिथि घोषित करने के साथ ही तय किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र सोनी ने बताया कि क्षेत्र से लगातार नागरिक इस ट्रेन की मांग लंबे समय से कर रहें है परन्तु अभी तक इसकी कोई जानकारी रेलवे शेड्यूल में नहीं आई है। बता देवें नेताओं ने घोषणा कर दी है परन्तु अभी रेलवे शेड्यूल में ट्रेन का आना बाकी है। रेल संघर्ष समिति के तोलाराम मारू ने रेल मंत्री पीयूष गोयल व रेल अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस रेल के चलने का क्षेत्रवासियों को लंबे समय से इंतजार था और इससे पूरे क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल बन रहा है। मारू ने कहा कि ट्रेन चलने पर समिति द्वारा रेल अधिकारियों का सम्मान भी किया जायगा।



