August 30, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अप्रैल 2026। गत 13 अप्रैल को श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका आम चुनाव के लिए मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। निर्वाचन अधिकारी ने शहर के 40 वार्डों में 51 मतदान केंद्रों का गठन किया है। इन सूचियों का अवलोकन कर कोई आपत्ति होने पर 26 अप्रैल तक निर्वाचन अधिकारी को दावे व आपत्तियां दी जा सकेगी।
गुरूवार को आड़सर बास के वार्ड 29 में तीन गलियों के करीब 200 वोट मतदाताओं के नाम सूची से गायब मिले। वार्ड के वरिष्ठ नागरिक मांगीलाल राठी सहित नागरिकों ने लिस्टों का अवलोकन किया। जिसमें वार्ड 29 की वोटर लिस्ट में नारायण पुजारी गली, कर्वा गली व राठी गली, तीन गलियों के सभी वोटरों के नाम सूची से गायब मिले। एकत्र हुए मतदाताओं ने प्रगंणक मुरारी शर्मा को मौके पर बुलाया। शर्मा ने टाइम्स को बताया कि ये पालिका द्वारा की गई गड़बड़ी है। पालिका द्वारा प्राप्त सूची में वार्ड 29 के करीब 170 वोटर वार्ड 28 की सूची में जोड़ दिए गए है। शर्मा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने निर्वाचन अधिकारी को सूचना देते हुए, ये नाम वार्ड 29 की सूची में जोड़ने की रिपोर्ट दे दी है। वहीं मांगीलाल राठी ने शहर के सभी मतदाताओं को अपने वार्ड की मतदाता सूचियों का अवलोकन अवश्य कर लेने का आग्रह किया है ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।