May 20, 2026
00000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अप्रैल 2026। गांव मिंगसरिया में नायक व मेघवाल मोहल्ले में ट्यूबवेल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण ग्राम पंचायत भवन के सामने धरना दे रहें है। धरने को गांव की विभिन्न जातियों व वर्ग के लोगों ने अपना समर्थन दिया है।
शुक्रवार सुबह धरनार्थियों ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर दो साल से पानी के लिए संघर्ष करने की बात कही। धरनार्थियों ने कहा कि 600 घरों की आबादी में श्रमिक वर्ग टैंकरों से आपूर्ति कर बुरी तरह से परेशान हो गए है। धरने पर सुबह मोहल्ले के श्रीराम मेघवाल व लाछाराम नायक अनशन पर बैठे। दोनों अनशनकारी गर्मी में बिना पानी के बेहाल हो गए है। दोपहर 12 बजे मेडिकल कर्मी ने धरने पर पहुंचकर दोनों अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की। धरने का नेतृत्व कर रहें राजेंद्र मेघवाल नोसरिया ने बताया कि गर्मी में बिना पानी अनशनकारी बेहाल हो गए है। राजेंद्र ने कहा कि दलित वर्ग प्रशासनिक उदासीनता झेल रहा है और धरनार्थियों की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले में स्वीकृत ट्यूबवेल नहीं बनाकर मोहल्लेवासियों के साथ सौतेला व संविधान विरोधी कार्य किया जा रहा है। धरने पर बैठे लोगों ने सड़क बंद कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। वहीं धरने पर दूसरे दिन रामस्वरूप मेघवाल, डूंगरगराम, सांवरमल, अरविंद कुमार, विकास, कैलाश, रामनारायण, मोहनराम, सिरदाराराम गोदारा, गणेशाराम, तिलाकाराम नायक, मुकेश, लालाराम, रामूराम, लीछमणराम, कालूराम टाक, रामावतार, किसनाराम गोदारा, प्रकाश, खेमाराम, रामुराम, लालाराम मेघवाल सहित अनेक मौजिज ग्रामीण डटे हुए है। सभी ने पानी के लिए प्रशासन व जलदाय विभाग से आर पार की लड़ाई करने का संकल्प दोहराया।