May 21, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अप्रैल 2026। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे क्षेत्र में तेज अंधड़ आया। जिससे बिजली विभाग को भारी नुकसान हुआ है। अंधड़ के कारण क्षेत्र में दर्जनों पेड़ टूट गए, खेतों में रखी कचरे की ढेरियां और बाड़ उड़ गई। घरों में दीवारों से गमले गिर गए, छतों पर रखी वस्तुएं उड़ गई। तेज हवाओं ने देर रात जनजीवन को पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया। घरों में लोग उठ गए और अंधड़ में अपने सामानों की सार संभाल करते नजर आए। कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हो गया। वाहन चालकों ने साईड में वाहन रोक लिए। वहीं अंधड़ का बड़ा असर गांव सातलेरा में नजर आया। जहां स्थित 33 केवी जीएसएस से होने वाली गांव सातलेरा व एग्रीकल्चर फीडर की आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प हो गई। तेज हवाओं के कारण राजू होटल के पास 33 केवी विद्युत लाइन का बड़ा पोल डीपी सहित धराशाई होकर जमीन पर गिर गया। इसी लाइन में अन्य चार पोल ओर भी गिर गए। जिससे आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीणों ने गर्मी में खासी परेशानी का अनुभव किया और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षतिग्रस्त लाइन का कार्य शीघ्र पूरा कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग की। विभागीय अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि डीपी गिरने से किए जाने वाले राहत कार्य में समय लगता है। इस क्षतिग्रस्त लाइन का काम शुरू कर दिया गया है व सातलेरा जीएसएस से बिजली आपूर्ति शीघ्र सुचारू करने के प्रयास किए जा रहें है।