






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जनवरी 2021। राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवा किसानों ने संयुक्त किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसान आंदोलन के समर्थन में श्रीडूंगरगढ़ का लखासर टोल व आड़सर टोल मुक्त करवाने का निर्णय लिया है। क्षेत्र के किसान बुधवार को लखासर व गुरूवार को आड़सर टोल पर पहुंच कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। समिति के हरिराम बाना ने कहा कि कड़कड़ाती ठंड में 48 दिनों से किसान दिल्ली के बाहर बैठे है और हम उनके समर्थन में और आंदोलन में भाग लेने आने जाने वाले किसानों के जत्थों के लिए तथा उनके लिए जाने वाले सामान को टोल मुक्त करवाऐंगे। बाना ने बताया कि बुधवार को एक बजे लखासर टोल पर बड़ी संख्या में किसान पहुंचेगे और धरने पर बैठेंगे और टोल को टोल मुक्त करने की मांग करेंगे। गुरुवार को आडसर टोल पर किसान पहुंच कर उसे भी टोल मुक्त करवा कर ही दम लेंगे। समिति ने आज उपखंड अधिकारी, थानाधिकारी, वृताधिकारी को पत्र सौंप कर किसानों के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा अभद्रता नहीं किए जाने को सुनिश्चित करने की मांग की है। युवाओं ने कहा कि कोई अभद्रता होती है तो प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।



