






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 मई 2026। इन दिनों गर्मी का कहर और पेयजल की किल्लत ग्रामीणों को परेशान कर रही है। क्षेत्र के गांव ठुकरियासर में 1400 घरों की आबादी बुरी तरह से परेशान है। गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की किल्लत लगातार बनी हुई है, परंतु यहां एकमात्र ट्यूबवेल से जलापूर्ति की जा रही थी, वह भी गत करीब 15 दिनों से खराब पड़ा है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। घरों में लगातार ग्रामीण टैंकरों से जलापूर्ति कर रहें है, जिससे उनकी जेब पर पड़ रहें आर्थिक भार की दोहरी मार पड़ रही है। गांव के हेतराम सारण, हनुमानसिंह राजपूत, मदनसिंह निर्वाण, भागीरथ प्रसाद शर्मा, मुखराम, जगदीशप्रसाद, धन्नेसिंह राजपूत ने विरोध जताते हुए बताया कि लगातार प्रशासनिक व राजनीतिक उपेक्षा का शिकार होने की पीड़ा ग्रामीण भुगत रहें है और अब बुरी तरह से व्यथित हो गए है। सरपंच अमराराम गांधी ने बताया कि एकमात्र ट्यूबवेल खराब पड़ा है। वहीं पांच माह पहले सरसजी महाराज मंदिर के पास एक नए ट्यूबवेल की खुदाई करवाई गई थी, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण ट्यूबवेल अब तक चालू नहीं हो सका है। वहीं ट्यूबवेल खुला होने से किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सरस सेना अध्यक्ष हनुमान सिंह गोदारा ने ट्यूबवेल पर ढक्कन लगवाकर बंद करवा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर में बच्चे खेलते रहते हैं और ऐसे में सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया। ग्रामीण लगातार विभागीय अधिकारियों से ट्यूबवेल दुरस्त कर पेयजलापूर्ति करवाने की मांग कर रहें है।




