






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 मई 2026। वर्तमान में उपखंड शासन-प्रशासन अतिक्रमण को लेकर सख्त है। शासन प्रमुख द्वारा बार बार अपने भाषणों में लोगों से अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी जा रही है। गांव रीड़ी में आबादी क्षेत्र से करीब 200 पक्के निर्माण हटाए जाने की तैयारी प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है।
गांव रीड़ी में बजट 2025-26 में स्वीकृत अटल गौरव पथ के शीघ्र निर्माण के लिए प्रशासनिक प्रेशर भी है। इसे अब शीघ्र गति देने के प्रयास किए जा रहें है। ये 30 फिट सड़क गांव में प्रवेश के साथ ही आने वाले एक नबंर स्टैंड से शुरू होकर गांव के भीतर से मुख्य मार्ग के रूप में करीब पूरे गांव को कवर करते हुए 2 किलोमीटर की बनकर तैयार होगी, जो पुन: तीन नबंर स्टैंड से आकर मिलेगी। ये गांव में रिंग रोड की तरह बनाई जा रही है। रीड़ी में मंगलवार को राजस्व के प्रशासनिक दल ने गोचर क्षेत्र से करीब 100 अतिक्रमण हटाए है। वहीं ओरण क्षेत्र के अतिक्रमण भी राजस्व दल द्वारा शीघ्र ही हटाए जाएंगे।
इसी दो किलोमीटर की जद में गांव के भीतर तीन पक्के मकान और 200 से अधिक घरों की दीवारें आ रही है। हालांकि केवल दीवारें आने वाले ग्रामीण अत्यधिक नुकसान से बच जाएंगे। परंतु तीन मकान भी इसमें है और ये परिवार खासे नुकसान की चपेट में आएंगे। ये गांव की आबादी क्षेत्र के अतिक्रमण पंचायत समिति द्वारा हटाए जाएंगे। विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल ने बताया कि रोड की जद में आने वाले अतिक्रमण हटना तय है। ग्रामीण आगामी दो दिनों में इन्हें स्वयं ही हटा लेवें तो बेहतर होगा।
बता देवें प्रशासनिक स्तर पर इन्हें तोड़ने की तैयारी की जा रही है। ये सभी अतिक्रमण अगले सप्ताह हटाए जाएंगे और सड़क निर्माण कार्य भी सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।



