May 25, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मई 2026। 16वीं जनगणना के तहत मकान सूचीकरण का कार्य नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ के शहरी क्षेत्र जारी है। शहर की गलियों में सुबह व शाम प्रगणक गणना कार्य पूरा करने में जुटे है। शहरी क्षेत्र को 90 ब्लॉक में बांटा गया है और 80 प्रगणक गणना कार्य कर रहें है। कुछ प्रगणक को दो दो ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है। शहर में स्थित घर, संस्थागत भवन व दुकानों के ऊपर तय चिह्न व नंबर लगाए जा चुके है।
पालिका क्षेत्र में जनगणना चार्ज अधिकारी मोहम्मद सहजाद ने बताया कि घर, भवन व दुकान के अलग अलग साइन चिह्न दिए गए है। ये सभी जगह लगाए जा चुके है। वहीं शहरी क्षेत्र में करीब 15 प्रतिशत कार्य डिजिटल हो चुका है। सभी प्रगणकों को निर्देश दिए गए है कि एक भी घर छूट ना पाए। सभी को नक्शे भी दिए गए है, जिसमें दिशा का ज्ञान रखते हुए कार्य किया जा रहा है। वहीं सभी प्रगणको को भीषण गर्मी के चलते दोपहर में 12 से 4 के बीच कार्य नहीं करके सुबह शाम काम करने की बात कही गई है। महिला प्रगणक भी अपनी सेवाएं देते हुए प्रशंसनीय कार्य को अंजाम दे रही है। इस कार्य में जनगणना सेल के कार्मिक सूरजभान प्रजापत, हरीश गुर्जर, जितेंद्र भोजक, कृष्ण चावरिया, अजहरूद्दीन, सूरजमल गौड़, जगदीशनाथ सिद्ध की टीम लगातार गाइडलाइन के अनुसार कार्य किए जाने की देखरेख कर रही है।