






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 मई 2026। क्षेत्र के गांव बिग्गाबास रामसरा में नायक समाज उत्सव का माहौल छाया है। गांव में समाज के करीब 150 घर है और इन परिवारों में पहला लड़का सरकारी नौकरी में चयनित हुआ है। गांव के युवक ताराचंद नायक का भारतीय सेना में चयन हुआ है। बुधवार को नायक समाज के लोगों ने ताराचंद का भव्य स्वागत करते हुए सम्मान किया। ग्रामीण युवा चयनित जवान को लेकर शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी स्मारक पहुंचे और शहीद की मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज के युवाओं ने मिलकर जश्न मनाया और डीजे पर देशभक्ति गीत बजाकर खूब नाच गाकर ताराचंद को बधाई दी। समाज के बुजुर्गों ने गांव के नायक समाज में पहली नौकरी और वह भी देशसेवा की आने पर गर्व जताया। बुजुर्गों ने ताराचंद की सफलता को समाज के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणीय बताया। शिवलाल नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि ताराचंद के पिता महावीर नायक साधारण किसान है। गरीबी से संघर्ष करते हुए उन्होंने अपने बेटे के शिक्षण के लिए प्रयास किए। ताराचंद ने बताया उन्होंने अपने पिता का सपना पूरा किया है, पिता की भारतीय सेना में जाने ख्वाहिश थी, परंतु कठिन परिस्थितियों के कारण उनका सपना अधूरा रह गया, और अपने बेटे को सेना का जवान बनाने के लिए खूब मेहनत की है। महावीर नायक ने बेटे को परिवार व समाज का गौरव बताते हुए गर्व जताया। गांव के रामकरण जाखड़, नेमीचंद, प्रकाश, भागीरथ, पप्पूराम, मांगीलाल, अमरचंद, रामेश्वर, राजेंद्र, रामनिवास, मदनलाल, सहित गांव के अनेक मौजिज ग्रामीणों ने जवान को फूलमालाएं पहना कर बधाई दी।







