






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 मई 2026। बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ाने के प्रयास उनके भविष्य निर्माण में सकारात्मक परिणाम देते है। समर कैंप जैसे आयोजन बच्चों के सीखने की क्षमताओं का विकास करते है। बच्चे खेल खेल में विभिन्न जानकारियां स्थाई करते है, उनका मंच से फोबिया दूर होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। ये बात अतिथियों ने लर्न एंड फन स्कूल के समर कैंप के समापन समारोह में कही। बिग्गाबास में नवनिर्मित सारस्वत भवन में स्कूल की प्रधानाध्यापिका विनीता सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में भामाशाह भीकमचंद पुगलिया ने समारोह की सराहना करते हुए स्कूल के प्रति शुभकामनाएं प्रकट की। तेरापंथ सभा अध्यक्ष सुशीला पुगलिया ने बच्चों को भारत को इंडिया नहीं बोलकर भारत ही बोलने की प्रेरणा दी। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की संपादक कपिला स्वामी ने बच्चों को संगत का महत्व बताते हुए संगत सदैव अच्छे की करने की प्रेरणा दी। युवा नेता सुनील तावणियां ने ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ने की बात कही। समाजसेवी रामदेव बोहरा ने भी समर कैंप में मात्र 9 दिन में बच्चों के सीखने की क्षमता की सराहना की। वहीं दीनदयाल जोशी, लक्ष्मीनारायण तावणियां, संतोष गोदारा भी अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। स्कूल के स्टाफ के सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं धीरज पुरोहित ने सभी का आभार जताया। समारोह का प्रभावी मंच संचालन भगवती पारीक मनु ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकगण मौजूद रहें और सभी ने स्कूल के सार्थक प्रयास को सराहा। स्कूल का स्टाफ कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहा व व्यवस्थाओं में सहयोगी बना।
रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच हैरतअंगेज कारनामों का प्रदर्शन किया, किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ब्रेन ट्रेनिंग के तहत आंखो पर काली पट्टी बांधकर रंग, संख्या व सामने खड़े व्यक्ति के पॉश्चर की पहचान करना, मार्शल आर्ट में आग के गोले से निकलने, मार्बल की सिल्लियां तोड़ने के हैरत अंगेज कारनामों का बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रसिद्ध डांस ट्रेनर ऋतिक ने नयनाभिराम नृत्य प्रस्तुति दी। श्रीडूंगरगढ़ की बाल नृत्यांगना गौरी छंगानी ने शानदार राजस्थानी प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अबेकस में संख्याओं के योग की प्रस्तुति दी। वहीं रैंप वॉक, विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियां भी नन्हें मुन्नों ने दी। शिविर में 6 से 19 साल के बच्चों व किशोरों ने भाग लिया। विशेष प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। ब्रेन ट्रेनर प्रदीप कुमार, डांस कॉरियोग्राफर ऋतिक, मार्शल आर्ट के अभिलाश सैनी, अबेकस के सोनू व टीम मैनेजर रोमन व उनकी टीम का स्कूल परिवार ने सम्मान करते हुए आभार जताया।
प्रति रविवार कक्षा लेने की घोषणा की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ब्रेन ट्रेनर प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानाध्यापिका विनीता सारस्वत के निर्देशन में प्रति रविवार को सरदारशहर से उनकी टीम के सदस्य आकर बच्चों को ब्रेन ट्रेनिंग, मार्शल आर्ट, डांस व अबेकस सहित विभिन्न कक्षाओं का प्रशिक्षण देंगे। सारस्वत ने बताया कि अभिभावकों के सहयोग व उनकी इच्छा अनुरूप इन कक्षाओं का आयोजन होगा।









