






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 जून 2026। शनिवार को क्षेत्र में आए भयंकर सेंड स्ट्रोम से बिजली सप्लाई तंत्र को खासा नुकसान पहुंचा। विभाग ने इसमें सुधार करते हुए लोगों को राहत दी है। वहीं क्षेत्र के गांव कुनपालसर में सोमवार को तीन दिन बाद भी बिजली नहीं आई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पेयजल समस्या गहराने लगी है। वहीं गांव की गौशाला में अब पेयजल की कमी से गौवंश भी परेशान होने लगा है। ग्रामीणों ने बताया आटा पिसाई और मोबाइल चार्ज करने के लिए भी कठिनाई हो गई है। गौशाला अध्यक्ष मघाराम सियाग व जागरूक युवा सहीराम सियाग ने बताया कि उनके गांव व रोही में बिजली तेहनदेसर के 132 जीएसएस से आ रही है। यहां मार्ग में सोनियासर मीठिया के निकट एक स्थान पर 33 केवी लाइन का बिजली पोल गिर गया है। यहां एक परिवार के मुखिया इसे दुरस्त नहीं करने दे रहें है। जिससे कुनपालसर गांव व रोही के चारों फीडर की आपूर्ति ठप्प है। ग्रामीणों ने गर्मी में बिना बिजली के मुश्किलों से राहत दिलवाने की मांग करते हुए प्रशासन व विभागीय अधिकारियों से सक्रिय दखल देकर लाइन दुरस्त करवा बिजली सुचारू करवाने की मांग की है।




