






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जून 2026। आज शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस है। वन विभाग ने सरकारी गाइडलाइन के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत ने वन विभाग के अब तक के कार्यों को देखते हुए खानापूर्ति नहीं कर ईमानदारी से पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने की हिदायत दी। समारोह में सारस्वत ने कहा कि विभाग संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करें और किकर के स्थान पर छायादार फलदार पौधे लगावें। विधायक ने जल संकट पर चिंता जताते हुए जल संरक्षण की प्रेरणा दी। उन्होंने मातृशक्ति से भावी पीढ़ी को जल संरक्षण की प्रेरणा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने प्रकृति के साथ मानव के सामंजस्य के महत्व को बताते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए आपणो गांव सेवा समिति और गुरू जंभेश्वर पर्यावरण संरक्षण संस्था के प्रयासों की सराहना की गई। समिति के शुरवीर मोदी ने वन्य जीवों के रेस्क्यू कार्य के लिए पूर्व में घोषित एक वाहन देने की मांग विधायक से की। तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा ने भी मानव हित के लिए ही पर्यावरण संरक्षण करने की प्रेरणा दी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, शहर अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, आपणो गांव सेवा समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित व वन विभाग के अधिकारी सत्यपाल सिंह मंचासीन रहें। कार्यक्रम में जगदीश गुर्जर, महेश राजोतिया, आईदान पारीक, मुकेश पारीक सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
रेंजर सत्यपाल सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान के संपन्न दिवस पर उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलवाई। सिंह ने शहर वन विकसित किए जाने व इसके लिए केंद्र सरकार से एक करोड़ का बजट मिलने की जानकारी दी। सभी अतिथियों का वन विभाग के कार्मिकों ने स्वागत किया। सभी अतिथियों ने वन विभाग परिसर में पौधारोपण किया और पीपल का पूजन किया। इससे पहले कृषि मंडी परिसर में स्थित गणेश मंदिर से वन विभाग कार्यालय तक कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें सरकारी कार्मिक महिलाएं व संत कर्माबाई छात्रावास की बालिकाएं कलश लेकर शामिल हुई।
पर्यावरण दिवस पर कोर्ट परिसर में किया पौधारोपण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को तालुका विधिक समिति द्वारा पौधारोपण का आयोजन किया गया। जिसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए विचार विमर्श किया गया। न्यायालय परिसर में एसीजेएम अजित सिंह राठौड़ ने पौधा लगाया। इस दौरान एडवोकेट रामलाल नायक, अनिल धायल, सत्यनारायण प्रजापत, सोहन सिद्ध, सुखदेव व्यास, जितेंद्र स्वामी, केके पुरोहित, ओमप्रकाश मिडल, संजय बोहरा, धमेंद्रसिंह शेखावत, रणवीर सिंह, महेंद्र मोटसरा, अश्विनी पुरोहित, तालुका विधिक सेवा समिति सचिव कोमल चौपड़ा, पीएलवी बलराम, रिछपाल सहित कोर्ट कार्मिक व अनेक वकील मौजूद रहें।






