May 21, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2021। रिड़ी गांव सहित श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में उभरते युवा नेता की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु से हर आंख में आंसू है। शनिवार रात यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष युवा रामेश्वरलाल जाखड़ की अपने गांव लौटते हुए सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। हैडकांस्टेबल आवड़दान ने बताया कि जाखड शनिवार शाम अपने साथी के साथ मोटरसाईकिल पर अपने गांव रिड़ी जा रहे थे। श्रीडूंगरगढ़ से करीब आठ किलोमीटर दूर प्रभूराम मास्टर के खेत के पास सामने से आ रही बाईक में उनकी बाईक टकरा गई। घटना की जानकारी मिलते ही आपणो गांव सेवा समिति के कार्यकर्ता एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे एवं घायलों को लेकर श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय पहुंचें। जहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही जाखड़ की मृत्यु हो गई। दुर्घटना में जाखड़ के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आई थी। घटना में घायल गांव रिड़ी निवासी पूरनाथ जाखड़ एंव सामने वाली मोटरसाईकिल पर सवार गांव आड़सर निवासी मदनलाल सोनी को बीकानेर रैफर किया गया था। जहां दोंनो की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिराम बाना, रिड़ी सरपंच हेतराम जाखड़ सहित बड़ी संख्या में युवा चिकित्सालय पहुंचें एवं गमगीन माहौल में जाखड़ का शव मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह भी यूथ कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता चिकित्सालय पहुंच गए है व जाखड़ का पोस्टमार्टम करवा कर देह को गांव लजे जाया जा रहा है। जाखड़ राजनीतिक रूप से सक्रिय होने के साथ गांव में सामाजिक स्तर पर भी सेवा में सक्रिय थे। उनके निधन के बाद पूरे गांव में गम का माहौल है।