June 11, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 जून 2026। लिव इन में एक युवक के साथ रहने वाली महिला को उसके घर से गहने व नगदी के साथ जबरन ले जाने के आरोप में एक नामजद युवक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान निवासी सांवतराम मेघवाल ने लूंछ, रतनगढ़ निवासी मुनेष उर्फ मनीष ब्राह्मण के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा कैलाश मेघवाल व सुमित्रा मेघवाल मेरे घर पर लिव इन में दोनों परिवारों की सहमति से रह रहे थे। 9 जून की दोपहर परिवादी व उसकी पत्नी दोपहर का खाना खाकर सो गए और सुमित्रा व उसका दो वर्षीय बेटा अपने कमरे में चले गए। करीब साढे तीन बजे उसके पोते के रोने की आवाज आई तो उसकी पत्नी ने जाकर देखा तो सुमित्रा कमरे में नहीं थी। उसने उसकी तलाश की परंतु वह नहीं मिली। पास पड़ौस में पूछताछ करने पर जानकारी मिली की तीन चार व्यक्ति एक सफेद कार में आए और उसे जबरन अपने साथ ले गए। उसने अपने परिवार के सदस्यों को जानकारी दी और घर में आकर देखा तो घर से तीन लाख रूपए नगद व सोने चांदी के गहने गायब मिले। परिवादी ने आरोपी पर महिला का अपहरण करने व घर से गहने व नगदी चोरी करने के आरोप लगाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कांस्टेबल छाजुराम को दी है।