






धनेरू में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई नौ दिवसीय रामकथा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव धनेरू में ठाकुरजी मंदिर प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा गुरूवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। समस्त ग्रामीणों द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में अंतिम दिन कथावाचक पंडित गोपालकृष्ण शास्त्री ने सीता हरण, लंका दहन, राम रावण युद्ध, विभीषण का राज्याभिषेक सहित राजा राम के राज तिलक प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। शास्त्री ने कहा कि रामायण जीवन को जीने का तरीका सिखाती है। उन्होंने परिवार में आदर, सेवा भाव, त्याग, बलिदान के साथ दूसरों की संपत्ति पर अधिकारी नहीं समझने की प्रेरणा दी। कथा के दौरान भक्तिमय भजनों व संकीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे। इस दौरान राम दरबार की सुदंन झांकी सजाई गई। सभी ने सामूहिक आरती कर गांव में सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। आयोजक मंडल के सदस्यों ने कथा के दौरान आए अतिथियों का स्वागत सम्मान किया।

गोपालसर में धूमधाम से मनाया कृष्ण जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गोपालसर के ठाकुरजी मंदिर प्रांगण में आयोजित भागवत कथा में गुरुवार को धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथावाचिका साध्वी देव योगिता ने संत सेवा की प्रेरणा देते हुए जीवन में सन्मार्ग पर चलने की बात कही। व्यासपीठ से कृष्ण जन्म के प्रसंग की घोषणा के साथ ही पांडाल आनंद से भर उठा और श्रद्धालुओं ने खूब जयकारे लगाए। नंद घर आंनद भयो जय कन्हैयालाल की, भजन पर श्रद्धालु खूब झूमे। नंदोत्सव के बाद आरती संपन्न की गई व सभी को प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने कथा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया व आगामी रविवार को यहां विधिवत कथा की पूर्णाहुति होगी।

कोटासर गौशाला में सत्संग के साथ की गौसेवा।
श्रीडूंगरगढ टाइम्स। कोटासर गौशाला में पुरुषोत्तम मास की परमा एकादशी पर गुरूवार को महिला सत्संग मंडली द्वारा सत्संग का आयोजन किया गया। महिलाओं ने भजन कीर्तन किया व गौसेवा में सहयोग देते हुए भगवान से गांव में सुख शांति की प्रार्थना की। एकादशी के अवसर पर गौ सेवा भंडारा किया गया। दुलचासर के सीताराम छरंग, करणी सिंह पड़िहार एवं सावंतसर के राकेश धारणियां ने गौवंश के लिए राशि व गुड का सहयोग दिया। गौशाला कमेटी ने सत्संग मंडली सहित दानदाताओं का आभार जताया।






