







सेवा धाम में संस्कृत संभाषण शिविर संपन्न, बच्चों ने समझा संस्कृत का महत्व।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 जून 2026। सेवा धाम में 11 से 15 जून तक आयोजित पांच दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर में मुख्य शिक्षक नरेश सारस्वत तथा सह शिक्षक शिव सारस्वत व पंकज के सान्निध्य में सेवा धाम के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक संस्कृत भाषा का महत्व समझा। शिविर में सेवा धाम के बच्चों ने संस्कृत में बातचीत करना सीखा। समापन समारोह में संस्कृत भारती के प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख ताराचंद रेपसवाल और बीकानेर विभाग संयोजक हरीशंकर सारस्वत मुख्य रूप से उपस्थित रहें। इस अवसर पर सहसंयोजक वीरेंद्र सारस्वत, यश सारस्वत व लक्ष्मी नारायण भादू सहित अनेक मौजिज लोग शामिल हुए। भादू ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि जागृत करना और दैनिक जीवन में संस्कृत संभाषण को बढ़ावा देना रहा।

महाविद्यालय में हुआ प्रेरणादायी व्याख्यान, विद्यार्थियों को दिए सफलता के सूत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदुदेवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय में सोमवार को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं करियर विकास के उद्देश्य से एक प्रेरणीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोटिवेशनल वक्ता राज सर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज सर ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण एवं सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक उपाय के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में ज्ञान के साथ-साथ प्रभावी संवाद कौशल भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पोकन इंग्लिश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के माध्यम से अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले कार्यक्रम का प्रारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमल दान चारण द्वारा अतिथि के स्वागत के साथ किया गया। महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. प्रभा, डॉ. प्रियंका, डॉ. सीमा तथा तनुज पाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहें। कार्यक्रम के अंत में डॉ. आनंद नारायण पुरोहित ने सभी का आभार जताया।



