


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जुलाई 2026। अपराधियों के हौसले बुलंद है और चोर केवल चोरी ही नहीं उससे बढ़कर डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देने लगे है, ऐसी ही वारदातें अब क्षेत्र में होने लगी है।
4 जुलाई की रात काले कपड़ों में चार चोर तीन घरों में घुसे और सो रही महिलाओं के गले व पैरों से गहने काटकर ले जाने की वारदात को अंजाम दिया। जाग होने पर ये किसी हथियार से वार भी कर देते है। इन खतरनाक अपराधियों ने बाना निवासी कुशलाराम पुत्र बुधाराम मेघवाल, राजेंद्र पुत्र उदाराम मेघवाल निवासी बाना, मालाराम पुत्र मूलाराम जाखड़ निवासी रीड़ी के घरों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
कुशलाराम ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत में ढाणी बनाकर परिवार सहित रहता है। 4 जुलाई की रात वह अपने मकान के बाहर सो गया व उसकी पत्नी बच्चों के साथ मकान के भीतर आंगन में सो रही थी। रात करीब ढाई बजे पत्नी ने शोर मचाया तो वह जागा तो उसने देखा चार चोर काले कपड़े पहने घर से निकलकर भागे। जब परिवादी ने रोला किया उसका भाई केसराराम की ढाणी में सो रहें उसके पुत्र संदीप व अनिल भाग कर आए। चारों चोर खेत की गेट की ओर भागे और परिवादी व उसके बेटों ने उनका पीछा किया। वे गेट के बाहर बीदासर रोड की ओर खड़ी एक स्वीफ्ट गाड़ी में सवार होकर भाग छूटे। पीड़ित की पत्नी ने बताया कि उसके गले में पहने हुए सोने के तीन फूलड़े ब्लेड से डोरी काटकर निकाल लिया, वहीं माचे पर पड़ी कमीज की जेब से 7200 रूपए ले गए। महिला को जाग होने पर उसे चोरों ने सिर पर चोट भी मारी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम के सुपुर्द की, वहीं रविवार को तीनों परिवादी थाने पहुंचे तो पुलिस ने नाकेबंदी कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने गांव बाना व रीड़ी में अनेक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को खंगालना भी शुरू कर दिया है।




