May 21, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 फरवरी 2021। श्रीडूंगरगढ़ पालिकाध्यक्ष के लिए भरवाए गए छह नामांकनों में दो नामांकन खारीज हो गए है और चार नामांकन वैध पाए गए है। अब नामांकन उठाने का दौर शुरू हो गया है एवं कल दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। नाम वापसी के तुंरत बाद ही निर्वाचन अधिकारी द्वारा मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह़् आंवटित किए जाएंगें एवं सात फरवरी को पालिकाध्यक्ष पद के लिए कस्बे के सभी 40 पार्षद मतदान करेगें। आज खारिज होने वाले नामांकनों में भाजपा से नामांकन करने वाली प्रीति शर्मा का नामांकन एवं कांग्रेस से नामांकन करने वाले ललित सारस्वत का नामांकन पार्टी सिंबल के अभाव में निरस्त किया गया है। हालांकी इन दोनो ने ही निर्दलीय के रूप में भी अपना एक एक नामांकन और दाखिल किया था जो अब मान्य है। अब भाजपा से मानमल शर्मा, कांग्रेस से श्यामसुंदर दर्जी एवं निर्दलीय के रूप में प्रीति शर्मा व ललित सारस्वत पालिकाध्यक्ष की दौड़ में शामिल है। क्षेत्र में जिस प्रकार से पिछले 24 घंटे से पार्षदों की बाडेबंदी तेज करने एवं तोड़ने की जद्दोजहद चल रही है उसे देखते हुए अब नाम वापसी भी हो सकती है। दोनो निर्दलीयों के प्रतिनिधि एकसाथ नजर आने के बाद अफवाहों का दौर भी चरम पर है एवं सभी को इंतजार है कि अब कौन अपना नामांकन वापस लेता है।