May 21, 2026
IMG-20210318-WA0071

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मार्च 2021। कस्बे के गौरव पथ पर होलीधोरा के पास घरेलू सप्लाई ट्रांसफार्मर में दो अलग अलग सप्लाई लाईनों के आपस में जुड़ जाने के कारण घरेलू सप्लाई लाईन में 440 वोल्ट का करंट दौड़ गया। शाम करीब 6 बजे अचानक से हुई इस घटना के बाद घरों में धमाकों के साथ विद्युत उपकरण जलने लगे एवं लोगों ने विद्युत विभाग को फोन कर सप्लाई बंद करवाई। विभाग द्वारा इस ट्रांसफार्मर तक आने वाली सप्लाई लाईन बंद भी की गई लेकिन फिर भी दूसरी लाईन से घरों में सप्लाई जारी रही। ऐसे में निगम का दस्ता फाल्ट ढूंढ़ कर दुरूस्त करने में जुटा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार होलीधोरा ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 200 घरों में खासा नुकसान हुआ है। घरों में इनवर्टर, फ्रिज, पंखे, टीवी आदि जल गए है। मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग से नुकसान का सर्वे करवा कर मुआवजा दिलवाने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक सप्लाई बंद कर दी गई है एवं अब पुन: सप्लाई सुचारू होने पर ही घरों में हुए नुकसान की पूर्ण जानकारी मिल पाएगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गौरव पथ पर फाल्ट ढूंढते निगम के कर्मचारी।