May 21, 2026
तकादे करने में नम्बर वन, सेवाएं देने में पिछड़ रहा ये विभाग, किसान-ग्रामीण बेहाल, जानें पूरी खबर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मार्च 2021। एक सरकारी विभाग किसानों और नागरिकों से तकादे करने में तो नम्बर वन के प्रयासों से जुटा है परन्तु यही विभाग नागरिकों को सेवाएं देने में फिसड्डी साबित हो रहा है। जी हाँ यहां बात बिजली विभाग की हो रही है ये विभाग बिल नहीं भरने वालों के कनेक्शन काटने के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रहा है परन्तु बिजली नहीं होने की शिकायतो पर भारी लापरवाही बरतते है। गांव डेलवां में रविवार शाम से अभी तक बिजली नहीं आई है तथा गुसाईंसर बड़ा में रात एक घंटे बिजली आई और फिर चली गई है जो अभी तक नहीं आई है। ग्रामीणों में खासी नाराजगी है कि बार बार फाल्ट आने से हम परेशान हो गए है। डेलवां के किसान महेश पारीक ने बताया कि खेत में फसलें पकाव पर है और 10 से 20 की संख्या में मजदूर कार्य करने आ रहें है। आज उन्हें खाना खिलाने को आटा भी हाथ से पीस कर भोजन बनाना पड़ा है। किसान दानाराम मेघवाल ने कहा कि प्रायः सभी खेतों पर किसान परिवार 8-10 से अधिक जानवर पाल रहें है और उन्हें पीने के पानी की तकलीफ होने लगी है। किसान मुनिराम शर्मा व देवाराम डेलू ने बताया कि तीन दिन से अंधेरे में बैठे है और कृषि कुओं सहित घरों में बिजली के बिना परेशानी झेल रहें है। ग्रामीण बनवारीलाल, डूंगरराम, राजूराम भादू, ब्रम्हानंद शर्मा, सीताराम, बाबूलाल का कहना है कि आए दिन लाइन में फाल्ट होते है और विभाग का कर्मचारी नहीं वरन किसानों को स्वयं प्राइवेट श्रमिक से फाल्ट निकलवाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक विभाग के कर्मचारी फाल्ट ही ढूंढ रहें है। रविवार रात आंधी में कई जगह लाइन में फाल्ट होने की सूचना के साथ ही एक फाल्ट गुसाईंसर बड़ा के पास ही मोहनराम जाट के खेत में भी है। किसान मोहनराम जाट ने बताया कि उनके खेत में हर एक माह में 15 से 20 बार डेलवां की लाइन फाल्ट होती है। मोहनराम ने टाइम्स को बताया कि उनके खेत में उन्होंने 20 गाय रखी हुई है और पूरे दिन परिवार यहां कृषि कार्य करता है। इन तारों से दो बार ढाणी में आग लग गई है और लगातार विभाग को शिकायत कर यहां पोल लगा कर तार कस कर नए तार लगाने की मांग कर की है परन्तु विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। किसान मोहनराम ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि लगातार खेत में तार के फाल्ट होने से किसी दिन होने वाले बड़े नुकसान की भरपाई कौन सा विभाग करेगा.? डेलवां के ग्रामीणों ने व किसान मोहनराम ने जोधपुर डिस्कॉम में भी शिकायत की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव डेलवां में ग्रामीणों ने तीन दिन से बिजली नहीं आने पर नाराजगी प्रकट की है।