






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 अप्रैल 2021। अपना कार्य बढाने के लिए श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर जाकर ज्वेलरी की दुकान करने वाले स्वर्णकार के साथ आज बीकानेर में लूट हो गई। कस्बे के बिग्गाबास निवासी आशाराम पुत्र मदनलाल सोनी जो कस्बे में अपने घर में बनी दुकान में ही अपना कार्य करते थे तथा कुछ समय पहले ही बीकानेर के मुरलीधर व्यास कॉलोनी के पास जम्भेश्वर नगर में मकान बनाया व वहीं दुकान बना ली। आज शाम साढ़े पांच बजे आशाराम की दुकान पर तीन युवक सोना लूटकर ले गए। ये लोग एक गाड़ी में सवार होकर आए और फायरिंग करते हुए दुकान में रखा करीब 20 ग्राम सोना लूट कर ले गए। फायरिंग आशाराम की दुकान में की गई और गोली उसकी गर्दन के पास से होते हुए निकल गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह और सीओ सीटी सुभाष शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
ये हुआ घटनाक्रम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जानकारी के अनुसार हाल बीकानेर के जम्भेश्वर नगर में रहने वाले आशाराम सोनी ने अपने घर के आगे ही सोने की दुकान कर रखी है। इस दुकान में वो सोने और चांदी के आभूषण बनाता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन युवक उसकी दुकान की तरफ आए और फायरिंग कर दी। दुकान में बैठे आशाराम को बंदूक दिखाकर सोना लूट लिया। बताया जा रहा है कि 20-22 ग्राम सोना उस समय दुकान में था। कुछ अन्य सामान भी था, जो लुटेरे ले गए। उनके जाने के बाद आशाराम ने हल्ला किया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए, लेकिन तब तक लुटेरे भाग निकले। नयाशहर पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। सीओ सीटी सुभाष शर्मा पहले मौके पर पहुंचे और बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह भी आए। इस क्षेत्र में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, पुलिस अब इन्हीं सीसीटीवी की फुटेज लेने की कोशिश में है। इस छोटी दुकान पर घात लगाकर लूट करने वाले व्यक्ति ने पहले क्षेत्र की रैकी की है और इसके बाद ही यहां वारदात को अंजाम दिया है।
बाल-बाल बच गए आशाराम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुकान मालिक आशाराम पर लुटरों ने सीधे गोली चलाई गई थी। यह गोली उसके गर्दन के पास से निकल गई। अगर वो थोड़ा भी इधर-उधर होता तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी। आशाराम ने कहा कि उसने पहली बार इन तीनों युवकों को देखा था। पहले कभी उसकी दुकान पर ये तीनो नहीं आए थे।




