






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अप्रैल 2021। जैतासर की रोही में लीलाधर शर्मा के खेत में हुई भीषण आगजनी में कई हाथ मदद को आगे बढ़ें है। विधायक गिरधारी महिया सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे व किसान के आंसू पौंछते हुए 31 हजार की सहायता राशि व्यक्तिगत रूप से दी है। महिया ने प्रशासन को नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने के निर्देश दिए। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष ताराचंद सारस्वत व नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा ने आगजनी के मौके का मुआयना किया। सारस्वत ने शर्मा को 21 हजार की आर्थिक सहायता दी। सारस्वत व महिया ने कहा की मुश्किल की इस घड़ी में हम सब किसान के साथ है और प्रशासन से उचित मुआवजा भी दिलवाया जाएगा। जैतासर सरपंच प्रतिनिधि सहीराम ने भी किसान को 11 हजार रूपये की सहायता दी है। खेत पड़ौसी भागीरथ जाखड़ भी मदद को आगे आए व अपने किसान साथी को 21 हजार रूपये की सहायता दी। बता देवें लीलाधर शर्मा की ढाणी में बने बाड़े में आग लगने से 5 गायों की दर्दनाक मौत हो गई व 4 गौवंश गंभीर रूप से झुलस गए है। किसान ने टाइम्स को बताया कि छप्पर में रखा 70 क्विंटल तुड़ी चारा, 25 फव्वारा पाईप सहित अन्य आवश्यक सामान भी जलकर राख हो गया है। मौके पर तहसीलदार ओमप्रकाश बाकोलिया, सीओ दिनेश कुमार, थानाधिकारी वेदपाल शिवराण सहित प्रशासनिक अमला भी पहुंचा और नुकसान का जायजा लेकर मुआवजे का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही है।








