






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अप्रैल 2021। राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। मध्यरात्रि को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कर्फ्यू की घोषणा के साथ प्रदेश वासियों को सहयोग की अपील भी की है। गहलोत ने कहा कि शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रदेश में कर्फ्यू रहेगा। आप सभी से अपील है कि कर्फ्यू के दौरान सरकार का सहयोग करें और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर का पालन करें। मुख्यमंत्री ने कर्फ्यू के दौरान पहले से चल रहे नाइट कर्फ्यू में छूट की श्रेणी वाली सेवाओं में फल-सब्जी, दूध, एलपीजी और बैंकिग सेवाओं को भी शामिल किया गया है।
पहले प्रदेश के 17 जिलों में कोरोना के अधिक मामले सामने आ रहे थे लेकिन पिछले कुछ दिनों में सभी जिलों में संक्रमण तेजी से फैला है। अब प्रदेश में कोरोना के 6,658 नए मामले और 33 मौते हुईं हैं। इसलिए आज वीकेंड कर्फ्यू का सख्त फैसला लिया गया है। सीएम ने कहा कि अगर समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति दूसरे प्रदेशों जैसी विकट स्थिति बन सकती है। गहलोत ने कहा कि आमजन से अपील है कि पूर्व की तरह एकजुटता दिखाएं और एक-दूसरे का सहयोग करें। राजस्थान सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।




