






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अप्रैल 2021। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार खेतो में, घरों में लग रही आग किसानों सहित पालतू पशुओं के लिए काल बन रही है। होली के बाद के 20 दिनों में क्षेत्र में छोटी बड़ी 20 आग लग गई है जिनमे करोड़ो का नुकसान किसानो को हो गया है। रविवार शाम को तहसील के गांव बिग्गा की रोही में लगी आग में किसान को लाखों का नुकसान हो गया और 5 गायें जिंदा जल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कुंतासर के निवासी हेमाराम पुत्र हीराराम भदाला का कृषि कुँवा बिग्गा की रोही में स्थित है। यहां पर अभी उसने रबी की फसल निकाल कर खेत की ढाणी में बने छप्पर में रखी हुई थी। रविवार शाम करीब 5.50 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण छप्पर में पड़े करीब 50 कट्टे चने, 15 कट्टे इसबगोल, 30 कट्टे जौ के साथ साथ लाखो की कीमत के गहने, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, घरेलू आवश्यकता का समस्त समान जल कर खाख हो गया। आग में 2 गाय और 3 बछड़ो की जिंदा जलने से मौत भी हो गई। किसान राजूराम ने बताया कि आग लगते ही कुँवा चला कर पानी से बुझाने के लिए जीएसएस पर फोन किया था लेकिन किसी ने फोन नही उठाया। इस कारण आग बेकाबू रही और सब कुछ जला कर ही शांत हुई। किसानो ने जीएसएस पर फोन नही उठाने के कारण रोष जताया है।







