August 30, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2021। श्रीडूंगरगढ़ के गांवों में ग्रामीण अब कोरोना को रोकने की दिशा में कदम उठा रहें है। आज गांव सोनियासर मिठिया के 22 वर्षीय एयरफोर्स के जवान ओमप्रकाश ज्याणी ने देश रक्षा के प्रण के साथ अपने गांव की कोरोना से सुरक्षा का प्रण भी निभाया है। ओमप्रकाश व इनकी छोटी बहन निरमा का विवाह 24 मई को होने वाला था परंतु कोरोना महामारी में बिगड़ते हालातों को देख कर इन्होंने विवाह स्थगित करने का निर्णय लिया है। स्वर्गीय पिता प्रभुराम ज्याणी के जाने के बाद लंबे अरसे के बाद माता भंवरीदेवी प्रसन्नता से अपने बेटे के विवाह की तैयारियां पूर्ण करने में जुटी हुई थी। परन्तु जब उन्हें हालात बताए तो वे भी सहर्ष मान गई। ओमप्रकाश ने बताया कि पंचायत सहायक मोटाराम ज्याणी ने उन्हें प्रेरणा दी व घर में बड़ो को मनाने में सहायता की। दोनों भाई बाबा सोहनराम ज्याणी, मानाराम ज्याणी, चाचा प्रह्लाद ज्याणी के साथ मिल कर बैठे और चर्चा की तो सभी ने वर्तमान हालातों पर चिंता प्रकट करते हुए सहर्ष स्वीकृति दी। मोटाराम ज्याणी ने कहा कि विवाह समारोहों से पिछले दिनों जैसे ये महामारी फैली है ऐसे में हम एहतियात ही बरतना चाहते थे। परिवार के इस फैसले पर सरपंच नंदकिशोर बिहाणी व गांव के समाजसेवी युवक भंवरलाल जोशी ने पूरे गांव की सुरक्षा के लिए सराहनीय बताते हुए अन्य ग्रामीणों के लिए प्रेरणीय बताया।