






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 मई 2021। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे सहित ग्रामीण अंचल में नागरिक आज यही पुकार कर रहें है कि हम ऑक्सीजन नहीं पानी मांग रहें है। पूरे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था गड़बड़ा गई है और कोरोना के कठिन काल में नागरिकों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। कोरोना का बहाना बना कर पानी के लिए आम जनता को तरसा दिया गया है। युवाओं में आक्रोश भर गया है और वे प्रदर्शन विरोध के लिए आतुर हो रहें है। कस्बे के आड़सर बास व कालूबास के कई वार्डों में जल संकट पिछले करीब 10 दिनों से खड़ा है। नागरिक विभागीय अधिकारियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर कर के हैरान हो गए है और कोई सुनवाई नहीं होने से वे प्रशासन को कोस रहे है। आंखों के अस्पताल के पास के वार्डों में किल्लत इतनी है कि रोजाना टैंकरों के रुपये चुका कर यहां रहने वाले परेशान हो गए है। नागरिक की पीड़ा देख कर बुधवार को कस्बे के पार्षद सामूहिक रूप से जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यलय पहुंचे और घेराव करते हुए यही कहा कि ऑक्सीजन तो नहीं दे सकते पेयजल आपूर्ति तो क्षेत्र में करवा देवें। पार्षद रजत आसोपा, रामसिंह जागीरदार, भरत सुथार, लोकेश गौड़, पवन उपाध्याय, विक्रमसिंह शेखावत, जगदीश गुर्जर, गोपाल छापोला, महेंद्र सिंह राजपूत आदि ने अपना विरोध जताया। इस मौके पर सोशल डिस्टेसिंग के साथ रोष जताते हुए शीघ्रता से कस्बे में व्याप्त पेयजल किल्लत को दूर करने की मांग की गई।






