May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 जून 2021। बड़े नेताओं या बड़े अधिकारियों के आगमन पर अक्सर फूलों की सजावट की जाती है परन्तु श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टॉफ ने आज अपने साथी कर्मचारी के स्वागत में स्टेशन को फूलों से सजाया। सभी विभागों में कोरोना से संक्रमित होने और ठीक होकर ड्यूटी पर आने के सैंकड़ो मामले होंगे परन्तु स्टेशन मास्टर लालचंद मीणा कोविड से जंग जीत कर आज ड्यूटी जॉइन करने पहुंचे तो गदगद हो गए। मीणा दो बार पॉजिटिव रिपोर्ट हुए और 5 जून को नेगेटिव आने के बाद आज स्टेशन पहुंचे तो उनके स्टॉफ ने फूलों की सजावट कर स्वागत गीत के साथ उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। स्टेशन अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सोनी के नेतृत्व में रेलवे स्टॉफ ने मीणा का हौसला बढ़ाया और इस मौके पर सोनी ने कहा कि समाज में हम सब को कोरोना से डरना नहीं है मुकाबला करना है। उन्होंने कहा कि समाज सकारात्मक हो और जो ठीक होकर आए उनका स्वागत कर हौसला बढ़ाए। सोनी ने स्टेशन यातायात निरीक्षक अशोक कुमार, मंडल यातायात निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जय प्रकाश, मंडल परिचालन प्रबंधक इंद्राज का भी आभार जताया। सोनी के साथ स्टेशन मास्टर शिवेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, ओमप्रकाश, विशाल स्वामी, राजेन्द्र कुमार, गोपाल पांडिया, हीरालाल कूकना, तोलाराम कूकना, सीनियर सेक्शन हरिहर सुथार, निर्मल, अविनाश सहित स्टॉफ ने मीणा का स्वागत किया व अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी। सभी ने मिल कर पूजन आरती की और मीणा ने अपने स्टॉफ का आभार प्रकट करते हुए कोविड गाइडलाइन की पालना करने का आग्रह सभी कर्मचारियों से किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे स्टेशन स्टॉफ ने कोरोना विजेता का किया सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टेशन अधीक्षक राजेन्द्र सोनी के नेतृत्व में स्टॉफ ने लालचंद मीणा को फूल मालाएं पहनाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रेलवे स्टॉफ ने कोरोना से जंग जीत कर आए अपने साथी का स्वागत किया।