






fश्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जुलाई 2021। कोरोना काल में भारी मंदी की मार से परेशान निजी स्कूल संचालकों ने आज सभी निजी स्कूलों को एकजुट होकर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करने की आवाज उठाई। एकजुट होने का आह्वान करते हुए निजी स्कूल संचालकों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निजी स्कूल संचालक मनोज गुसाईं ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकारें स्कूलों पर अनुचित दबाव बना कर शोषण करेगी। बैठक में मूलचंद स्वामी ने 2020-21 का आरटीई भुगतान के लिए प्रयास तेज करने की बात कही। बैठक में ऑनलाइन एकीकृत मान्यता, राज सहकार ऐप के माध्यम से समितियों को ऑनलाइन करने, प्रवेश फॉर्म में आ रही तकनीकी समस्याओं, आरटीई स्कूल प्रोफाइल अपडेट करने, शीघ्र स्कूलें खोलने एवं स्कूल के सभी आवश्यक पत्रावलियों का समय पर संधारण करने सहित अनेक समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान प्यारेलाल ढुकिया, सीताराम व्यास, प्रमोद सारस्वत, महेंद्र सिंह, राकेश व्यास, श्यामसुंदर आचार्य, दुर्गाप्रसाद पालीवाल, कांति प्रसाद दर्जी, संजय चुरा, राकेश जाखड़, विवेक उपाध्याय, विनोद बेनीवाल सहित अनेक निजी विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।



