






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जुलाई 2021। गुरुवार देर रात क्षेत्र की ग्रामीण सड़को पर तीन थानों की पुलिस दौड़ती दिखी और पुलिस के सहयोगी बने ग्रामीणों ने कई रास्ते रोके और आखिर बेतहाशा रूप से बिना नम्बरों की स्विफ्ट गाड़ी दौड़ाते हुए चार युवकों को पकड़ लिया गया। ये दौड़ कांकड़ा के जीडी पेट्रोल पंप से प्रारंभ हुई और बरजांगसर में युवाओं द्वारा घेर लिए जाने पर समाप्त हुई। पंप संचालक पवन सींवर ने बताया कि चार युवकों ने रात करीब 9.30 बजे अपनी गाड़ी में 4300 रुपए का पेट्रोल भरवाया ओर पैसे देने के बजाय सेल्समैन को धक्का देकर भाग छुटे। युवकों ने अपनी गाड़ी यहां से नोखा की ओर भगाई। जहां सूचना होने पर पंप मालिक पहुंच गए व सामने गाड़ी देकर रास्ता रोका तो युवकों ने फिल्मी स्टाइल मेंतेज गति में यू टर्न लिया और ग्रामीण सम्पर्क सड़को पर दौड़ शुरू दी। सूचना मिलने पर जसरासर, श्रीडूंगरगढ़ ओर सांडवा थाने की पुलिस इनके पीछे दौड़ी। पुलिस ने गांवों में फोन कर युवाओं को रास्ते बंद करने के लिए कहा। बरजांगसर में नरेंद्र भाणु, राजुनाथ, शंकर सिंह, रामकिशन सोनी, भंवरलाल सियाग ने गाड़ियां लगा कर सड़क रोकी तो युवक गांव में घुसे। गांव के युवाओं ने पीछा किया और गाड़ी को रुकवा कर पकड़ा। इससे पहले गांव सोनियासर मिठिया में देवाराम सारण, सत्यनारायण स्वामी, सीएलजी सदस्य भंवरलाल जोशी ने सड़क रोक ली थी। लेकिन आरोपी युवक वहां से भी यू टर्न लेकर बरजांगसर की ओर निकल गए। बरजांगसर में युवकों द्वारा रोक लिए जाने पर सोनियासर मिठिया के जागरूक ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे गए। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस से एएसआई पूर्णसिंह भी मौके पर पहुंचे ओर पीछा करती आई जसरासर पुलिस को चारों युवक सुपुर्द कर दिए। चारो युवक अभी जसरासर थाने में दस्तेयाब किये हुए है और पूछताछ चल रही है। जसरासर थाना के एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि पंम्प संचालक से रिपोर्ट ली गयी है और आगामी कार्यवाही की जा रही है।






