May 20, 2026
dosga

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2021। तहसील के गांव गुसाईंसर बड़ा की श्रीकृष्ण गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए गांव के कुछ युवाओ द्वारा एक वीडियो वायरल किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद गौशाला संचालक समिति और युवा आमने सामने आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। तीन दिनों से वायरल इस वीडियो विवाद के बाद शनिवार को पशुपालन और गोपालन विभाग की टीम ने गौशाला का निरीक्षण भी किया है। गांव के श्याम सुंदर, पीथाराम गोदारा, मनोज कुमार, सीताराम, दुलाराम मेघवाल, कानाराम, राकेश सारण आदि ने शनिवार को इस संबंध में शिकायती पत्र माकपा विधायक को, कांग्रेसी प्रधान को तथा भाजपा देहात जिलाध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारियों को दिया था। वीडियो और ज्ञापन में युवाओं ने आरोप लगाया कि गौशाला में गौवंश भूख से मर रहा है और उनके चारे पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। वहीं व्यवस्थापक सत्यनारायण स्वामी का कहना है कि भूमि विवाद के चलते कुछ लोग गौशाला का विरोध करने में लगे हुए हैं और शुक्रवार को विडियो बनाने वालों ने जबरन गौशाला में प्रवेश कर व्यवस्थाओ को बिगाड़ा है। पशुपालन व चिकित्सा विभाग के जिलाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश पिलानियां, श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी उत्तम सिंह भाटी आदि शनिवार को गौशाला पहुंचे थे और निरीक्षण किया। डॉक्टर भाटी ने श्रीडूंगरगढ टाइम्स को बताया कि गौशाला में सभी गौवंश की जांच की गई है जिसमें तीन गौवंश बीमार मिले तथा चारा पानी भी मिला है। वायरल विडियो से संबंधित जांच की जा रही है और रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी जाएगी। इस बारे में गौशाला संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष सुरेश जोशी ने बताया कि क्षेत्र के गांवो में बनी लगभग सभी गौशालाएं लगातार आर्थिक संकट से गुजर रही है एंव गौशाला संचालक लगातार लोगों से गौशालाओं से जुड़ कर सहयोग की अपील करते रहे हैं। ऐसे में अगर किसी गौशाला में आर्थिक संकट के कारण अव्यवस्थाएं है तो उस गांव के समस्त जन सहयोग हेतु आगे आएं और गौशाला से जुड़ कर संचालन में अपनी भागीदारी निभाएं ताकि गोवंश को अकाल मृत्यु से बचाया जा सके।