






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अगस्त 2021। श्रीडूंगरगढ़ में आज स्वतंत्रता दिवस पर पूरा क्षेत्र जन गण मन हुआ और युवाओं ने देश के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए क्षेत्र में रक्तदान के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। आज बासनीवाल भवन में नागरिक विकास परिषद द्वारा दिवंगत सत्यनारायण बासनीवाल की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में 401 युवाओं ने रक्त दान किया। किसी के जीवन को रक्त की कमी से काल का ग्रास नहीं बनने देने का ये अनुपम उदाहरण श्रीडूंगरगढ़ में ही संभव है। रक्तदान से जुड़ी सभी भ्रांतियां दूर करते हुए यहां स्वतंत्रता दिवस के एक सप्ताह में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान किया है। पीबीएम की टीम भी भावविह्वल होकर श्रीडूंगरगढ़ के संस्कारों को साधुवाद दे रहें थे। बता देवें 12 अगस्त को स्व. जीवराज नाई की पुण्यतिथि पर आयोजित शिविर में 161 यूनिट, 14 अगस्त को गांव जेतासर में आयोजित युवा मंडल व लॉयन्स क्लब के शिविर में 201 यूनिट तथा आज शिविर में 401 यूनिट रक्त दान किया गया है। चार दिनों में तीन कैम्पों के माध्यम से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के 763 लोगों ने रक्तदान कर बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय में रक्त की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रविवार को रक्त संग्रहण के लिए आई बीकानेर पीबीएम चिकित्सालय की टीम के प्रभारी डाक्टर कुलदीप मेहरा ने श्रीडूंगरगढ़ के युवाओं के इस उत्साह को जिले में अन्य जगहों के लिए प्रेरणीय बताया एवं उत्साह को कायम रखने की आह्वान किया। लक्ष्मीनारायण, अशोक कुमार, नंदलाल, गुलाबचंद, रमेश कुमार बासनीवाल के अर्थ सहयोग से आयोजित शिविर में प्रजापत परिवार के युवाओं और परिषद कार्यकर्ता परिषद अध्यक्ष श्रवणकुमार सिंधी की अगुवाई में सेवा में जुटें रहें। शिविर का आरंभ श्रीडूंगरगढ़ न्यायाधीश अमरजीत सिंह कुलहरी के रक्तदान से हुआ तथा शिविर का समापन बिग्गा के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा द्वारा 401वें नम्बर पर रक्तदान से हुआ। हालांकि बड़ी संख्या में रक्तदान के इच्छुक युवा वंचित भी रह गए एवं टीम द्वारा रक्त संग्रहण के लिए मना कर दिया गया। समापन पर टीम का सम्मान किया गया एवं पीबीएम प्रशासन ने रक्तदाताओं का आभार जताया।






