






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अगस्त 2021। केन्द्र सरकार द्वारा पास किए गए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलित किसानों पर आए दिन लोग देश विरोधी होने के आरोप भी लगा देते है लेकिन तिरंगे के सम्मान एवं देशभक्ति के नारों के बीच किसान आंदोलन से जुड़े किसानों ने स्पष्ट रूप से संदेश दे रहा है कि उनका विरोध देश की सरकार से नहीं सरकार द्वारा पास किए गए किसान विरोधी कानूनों से है। ऐसा ही संदेश दिया रविवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के किसानों ने और मौका था संयुक्त किसान संघर्ष समिति के आह्वान पर निकाली गई तिरंगा यात्रा का। स्वतंत्रता की 75वीं हीरक जयंती पर जब चारों ओर देशभक्ति के भावों का ज्वार नजर आया और कस्बे के बाजारों में इस माहौल को और अधिक देशभक्ति से परिपूर्ण कर दिया इस तिरंगा यात्रा ने। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशभर में आंदोलनरत किसान तिरंगा यात्रा निकाल रहे और साथ ही सरकार से किसान विरोधी, देश विरोधी इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे है। कस्बे के शहीद हेमू कालाणी पार्क से शुरू इस यात्रा में अखिल भारतीय किसान सभा के मोहनलाल भादू, एसएफआई जिलाध्यक्ष मुकेश ज्याणी, शिक्षक संघ के बालाराम मेघवाल आदि ने अगुवाई की। सिंधी कॉलोनी से होते हुए तिरंगा यात्रा मुख्य बाजारों, गलियों से गुजरी एवं देशभक्ति के नारों, जयकारों के साथ उपखण्ड कार्यालय पहुंच कर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में किसानों एवं युवाओं ने भाग लिया।





