






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अगस्त 2021। राजस्थान सरकार के चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा से यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए टीके मांगे है। बाना ने शर्मा को पत्र भेजकर कोरोना काल मे उनकी टीम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना की लहर के बाद टीकाकरण भी जबरदस्त तरीके से किया जा रहा है लेकिन श्रीडूंगरगढ विधानसभा क्षेत्र इस मामले में काफी पिछड़ रहा है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र टीकाकरण की धीमी गति से जुझ रहा है और यहां के युवा लगातार टीकाकरण बढ़ाने की मांग कर रहें है। बाना ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ से बड़ी संख्या में युवा बीकानेर परीक्षाओं में शामिल होने जाते है लेकिन जिन्हें टीके के अभाव में उनका पेपर नहीं लग पा रहा है। इसी प्रकार यहां बड़ी संख्या में प्रवासी नागरिक देश भर में अपने उद्योगों, नौकरियों में है और एक टीका लगवाएं बिना नौकरी पर आने की अनुमति नहीं मिल पा रही है। जिससे युवा वर्ग में असंतोष का भाव आ रहा है। बाना ने मंत्री को जानकारी दी कि उपखंड श्रीडूंगरगढ़ के समकक्ष नोखा उपखंड क्षेत्र में कोरोना के टीके दो लाख को पार कर गए है जबकि श्रीडूंगरगढ़ में यह संख्या अभी केवल एक लाख को ही पार कर पाई है जोकि यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मंत्री शर्मा से इन हालातों को बदलने का आग्रह करते हुए टीकाकरण के लिए श्रीडूंगरगढ़ की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने व यहां वृहद टीकाकरण शिविरों का आयोजन करवाने की मांग की जिससे क्षेत्र को कोरोना से सुरक्षित करने का दायित्व निभाया जा सकें।



