






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2021। विद्युत निगम द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए 6 घंटे बिजली सप्लाई देने के दावे पूरी तरह से फेल हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनता के सामने विद्युत निगम के अधिकारी केवल झूठे वायदे कर रहे हैं और वास्तव में बिजली कटौती हद से ज्यादा कर रहे हैं। हालात यह है कि क्षेत्र के गांव दुसारना, बापेउ में तो मात्र 3 घंटे ही सप्लाई मिल रही है। इसी तरह पर गांव ऊपनी, कल्याणसर, लिखमीसर, राजेडू, रिड़ी के ग्रामीण भी 4 से 5 घंटे बिजली पर ही निर्भर हो गए हैं। ऐसे में बिना बारिश के जलती फसलों को देख बर्बादी की कगार पर पहुंचे क्षेत्र के किसान खासे आक्रोशित है। शुक्रवार को आक्रोशित किसानों ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यलय को घेर लिया और जम कर रोष जताया। किसानों की अगुवाई प्रधान प्रतिनिधि केशराराम गोदारा ओर आरएलपी नेता विवेक माचरा ने की। किसानों ने एक्सईएन के कार्यालय में चढ़ाई कर दी और अपने कार्यालय में किसानों की भीड़ देख अधिकारी बाहर आ गए। अधिकारियों ने किसानों को गंभीरता से नहीं लिया इस पर डॉ. विवेक माचरा ने अपने फोन से ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला से बात की और अधिकारियों द्वारा किसानों को अनदेखा करने की शिकायत की। इस पर माचरा के फोन से ही डॉ. कल्ला ने एक्सईएन से बात की व किसानों की बात सुन कर समाधान करने की निर्देश दिए। किसानों ने उनको अपने बीच बैठा लिया और जलती फसलों के बारे में बताया। किसानो का आक्रोश देखते हुए विद्युत निगम अधिकारियों ने उन्हें वार्ता के लिए राजी किया और बाद में किसानों से वार्ता शुरू हुई। वार्ता में किसान प्रतिनिधिओ के सामने निगम के चीफ अभियंता से फोन पर बात की गई और सिंचाई के लिए 6 घंटे 3 फेस सप्लाई कम नही करने पर सहमति बनी। हालांकि राज्य भर में हो रही कटौती को देखते हुए निगम अधिकारियों ने किसानों से सहयोग मांगा ओर जीएसएस लेवल पर किसानों से सहमति बना कर कटौती करने की बात कही। युवा नेता विवेक माचरा ने 6 घंटे सिंचाई की बिजली में कटौती करने पर ऊर्जा मंत्री डॉक्टर बीड़ी कल्ला का घेराव करने की बात कही। एक्सईएन कार्यालय पर प्रदशर्न से पहले किसान एसडीएम के पास भी पहुंचे थे और नाराजगी जताई थी। वार्ता में निगम के एक्सईएन भूपेंद्र भारद्वाज, एईएन सुरेश भार्गव, एईएन सतपाल, एईएन मुकेश, सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।






