May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 सितम्बर 2021। क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में पांच वार्ड पंचों के रिक्त पदों पर बुधवार से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई एवं ग्रामीणों के कम उत्साह के कारण आज ही पुरा भी हो गया। हालांकी निर्वाचन विभाग द्वारा 22 को नामांकन एवं आवश्यक होने पर 28 को मतदान करवाना तय किया था। पांच में चार ग्राम पंचायतों में केवल एक-एक ने अपना नामांकन दिया है एवं एक ग्राम पंचायत में किसी ने भी अपना नामांकन तक नहीं भरा। इन चुनावों के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जोधासर में वार्ड पंच के उपचुनाव हेतु सुमित्रा देवी पत्नी छबीलसिंह, ग्राम पंचायत गुसाईसर बड़ा में कुशलाराम पुत्र मालाराम ने, ग्राम पंचायत बाना में पूरीदेवी पत्नी रामेश्वरलाल ने, ग्राम पंचायत ठुकरियासर में शांति पत्नी किस्तुराराम ने अपना नामांकन पत्र भरा है एवं ग्राम पंचायत डेलवा में वार्ड पंच पद हेतु आज किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया। गुरूवार को को सभी रिटर्निंग अधिकारी भरे गए नामांकन पत्रों की समीक्षा करेंगे तथा सायं 3:00 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। सब सही रहा तो गुरूवार शाम 3 बजे बाद चारों ग्राम पंचायतों में इन वार्ड पंचों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। इसी के साथ इन पंचायतों में लगी आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी।