






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ में रीट परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के सामने श्रीडूंगरगढ़ के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों से शहर की सेवाभावी तस्वीर अंकित हो रही है। हालांकि प्रशासनिक व्यवस्थाओ में रही लापरवाही के कारण अभ्यर्थी परेशान भी हो रहे हैं। सरकारी व्यवस्था के तहत पँचायत समिति में 25 अभ्यर्थी आये थे और इनको प्रशासन द्वारा इंदिरा रसोई से टिफिन आने थे। शाम 8 बजे से रात 10.30 बजे तक प्रशासन द्वारा लगातार थोड़ी देर का कह कर रोका गया और 10.30 बजे तक टिफिन नही आने पर अभ्यर्थियों ने टाइम्स को सूचना दी। टाइम्स द्वारा इस बारे में ख़बर प्रकाशित करने के बाद पँचायत समिति प्रधान केशराराम गोदारा मौके पर पहुंचे और सभी अभ्यर्थियों को अपने खर्च पर होटल में भोजन करवाया। साथ ही गोदारा ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही से हुई दिक्कतों को भूल श्रीडूंगरगढ़ की अच्छी यादे लेकर जाने को कहा और सभी अभ्यर्थियों को कल के पेपर के लिए शुभकामनाएं दी। गोदारा ने बताया कि पँचायत समिति में आये अभ्यर्थियों की भोजन व्यवस्था पहले की जा रही थी लेकिन बाद में नगरपालिका द्वारा टिफिन भेजे जाने की व्यवस्था की गफलत रह गई। लेकिन खबर पढ़ते ही त्वरित व्यवस्था की गई। हालांकि खबर पढ़ने के बाद नगरपालिका अध्यक्ष मानमल शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रीराम भवन में की गई व्यवस्था से भी भोजन पँचायत समिति भेजा गया। लेकिन उससे पहले ही प्रधान प्रतिनिधि द्वारा अभ्यर्थियों को भोजन करवा दिया गया था। प्रशासन द्वारा तेरापंथ भवन में भी संख्या से कम टिफिन पहुंचने की सूचना मिली है।




