May 20, 2026
00-25

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2021। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अब कक्षा 9 से 12 तक के सभी छात्र निर्वाचन संबंधी जागरूकता में अपनी भागीदारी निभाएंगे। ये युवा छात्र निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्य के रूप में जुड़ेगें और स्वयं सहित अन्य मतदाताओं का पंजीकरण एक एप के माध्यम से कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन विभाग जयपुर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीकानेर के निर्देशों पर संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के अंतर्गत श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति सभागार में एक स्वीप प्रोग्राम रखा गया। इस प्रोग्राम में ईएलसी प्रभारियों के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रत्येक उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन किया गया है जिसमें कक्षा 9 से 12 के सभी विद्यार्थी क्लब के सदस्य होते हैं। विद्यालय का शिक्षक ही इस क्लब का प्रभारी होगा तथा ब्लॉक स्तर पर एक विद्यालय में लीड ईएलसी का गठन किया जाएगा है। ब्लॉक के सभी ईएलसी प्रभारी लीड ईएलसी के अंतर्गत कार्य करेंगे। कार्यक्रम में सभी ईएलसी प्रभारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर हेल्पलाइन एप के बारे में विस्तार से जानकारी भव्य कटारिया ने दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप से किस प्रकार सरलता से नए मतदाता का पंजीकरण व संशोधन आदि कार्य किए जा सकते हैं उसके बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। ये प्रभारी अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 के ऐसे छात्र जिनकी आयु 18 वर्ष की पूर्ण हो चुकी है उन्हें नव मतदाता के रूप में पंजीकरण करवाने हेतु प्रेरित करेंगे तथा अपने विद्यालय में छात्र छात्राओं को निर्वाचन से संबंधित साक्षरता प्रदान कर जागरूक करने का कार्य करेंगे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंचायत समिति सभागार में भव्य कटारिया ने विस्तार से वोटर हेल्पलाइन एप की जानकारी दी।