






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अक्टूबर 2021। कस्बे के निर्दलीय पार्षद सोहनलाल ओझा ने स्वायत्त शासन मंत्री, स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं जिला कलेक्टर को पत्र भेज कर श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका प्रशासन द्वारा जान बूझकर “प्रशासन शहरों के संग अभियान” को फैल करने का आरोप लगाया है। ओझा ने पत्र में बताया कि अभियान के लिए सरकार द्वारा राजस्थान स्टेट ग्रांट एक्ट 1961 के तहत 1 जनवरी 1990 से पहले के कब्जों के पट्टे जारी करने का निर्णय लिए जाने के बाद भी श्रीडूंगरगढ़ में प्रशासन द्वारा केवल 90ए, 90बी में कर्न्वट हुई नई कालोनियों के ही पट्टे बांट कर खानापूर्ती करने की बात कही है। ओझा ने बताया कि बड़ी संख्या में कस्बे में ऐसे निवासी है जिन्होंने पालिका में 1961 और 1997 में और प्रशासन शहरों के संग अभियान 2012 में अपना पट्टा बनाने के लिए पत्रावलियां जमा करवा कर समस्त खानापूर्तियां कर राशि भी जमा करवा दी थी। ऐसे लोगों को आज तक पट्टे नहीं मिले और अब इस अभियान में उनको पट्टे मिलने थे। लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा नगर मित्रों को पुरानी जमा पत्रावलियां उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है और इस कारण पात्र लोगों के पट्टे भी नहीं बन पा रहे है।



