






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 अक्टूबर 2021। आज लखासर में मुख्यमंत्री के आने दौरान विरोध प्रदर्शन भी किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर ओबीसी के हकों पर कुठाराघात करने का आरोप लगाते हुए काले गुब्बारे उडाए। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष भंवरलाल जांगीड़, भाजपा देहात जिला महामंत्री कुंभाराम सिद्ध, अशोक कुमार नाई, अरविंद चारण आदि ने एक गाड़ी में गुब्बारे पहले ही भर लिए थे एवं मुख्यमंत्री के हैलीपैड से शिविर स्थल की और जाने के दौरान उन्हें दिखाते हुए काले गुब्बारे उड़ाए। भाजपा नेताओं ने राज्य में हो रही प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधली होने पर विरोध जताया व राज्य में बिगड़ रही शांति व्यवस्था को संभालने को कहा। वहीं आरएलपी नेता डॉ. विवेक माचरा ने मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र में तय होते ही मुख्यमंत्री के नाम खुला पत्र लिखा और श्रीडूंगरगढ़ की बड़ी समस्याओं की ओर ध्यान केंद्रित करवाते हुए समस्या समाधान की मांग की। माचरा का यह खुला पत्र सोशल मीडिया पर खासा ट्रेंड हुआ एवं अकेले फेसबुक पर यह 15 हजार की रीच पार कर गया। इसके अलावा स्थानीय वाटसएप ग्रुपों, स्टेटसों में भी खासा देखा गया। वहीं सीएम के दौरे से श्रीडूंगरगढ़ या गांव लखासर के लिए कुछ भी नया नहीं मिलने से नागरिक मायूस हुए है एवं क्षेत्र में सीएम को इसके लिए सोशल मिडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।




