May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 नवम्बर 2021। धनतेरस के मौके पर कस्बे के मुख्य बाजार में हजारों लोगों की भीड़ रही, पुलिस ने भी यातायात रोकने के लिए बेरिकेट्स लगाए और हाल यह रहा कि पैदल भी व्यक्ति तेजी के साथ नहीं चल सका। ऐसे में भी दिन दहाड़े एक ज्वैलर्स की दुकान पर 100 रुपए की खरीद करने आए दो युवकों ने करीब 1.5 लाख से अधिक की सोने के गहने चुरा लिए। पीड़ित ज्वैलर्स राधेश्याम सोनी ने टाइम्स को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2.20 बजे वह दुकान में अकेला दुकानदार था एवं उसके कई ग्राहक आए हुए थे। इसी दौरान दो युवक वहां आए और चांदी का मादलीया खरीदा। मादलीए के 100 रुपए दे भी दिए और इसके बाद उन्होंने सोने की अंगुठी दिखाने को कहा। इस पर राधेश्याम ने उनके आगे 17 अंगुठियों से भरा बाक्स रख दिया एवं दूसरे ग्राहकों को संभालने लगा। इसी दौरान अचानक दोनों युवक अंगुठियों से भरा बाक्स उठा कर भाग गए एवं दुकान से करीब चार दुकान दूर खड़ी बाईक पर सवार होकर चले गए। इन अंगुठियों का वजन 30 ग्राम था एवं इनका बाजार मूल्य 1.5 लाख रुपए से अधिक का था। पीड़ित दुकानदार राधेश्याम ने उनका पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आए एवं घटना के करीब 1 घंटे बाद पीड़ित थाने पहुंचे और थाने में अपनी परिवाद दे दी है। अभी तक इस संबध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है और पुलिस सीसीटीवी के आधार पर युवकों की तलाश करने में जुटी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चोरी कर भागते हुए कैमरे में कैद हुए चोर।