






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवम्बर 2021। क्षेत्र में पेयजलापूर्ति के लिए ग्रामीण इलाकों में कार्यरत ठेका कर्मी साल के सबसे बड़े त्योहार पर वेतन पाने के लिए जूझ रहें है। 50 से अधिक श्रमिकों को 15 जून 2021 के बाद वेतन नहीं दिया गया है। ये श्रमिक वेतन दिलवाने की मांग लेकर आरएलपी नेता विवेक माचरा की अगुवाई में थानाधिकारी वेदपाल शिवराण के पास पहुंचे। विभाग के एईएन बृजमोहन मुंड ने टाइम्स को बताया कि ठेकेदार को मेरे द्वारा दीपावली से पूर्व पेमेंट करने के लिए 18, 23, 29 अक्टूबर, 1 नवम्बर को नोटिस जारी किए गए है। विभाग ने 10 से ज्यादा नोटिस दिए है। उन्होंने कहा कि हम लगातार प्रयास कर रहें है कि सभी को त्योहार से पूर्व भुगतान कर दिया जाए। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में ठेका कर्मी ठेकेदार भंवरू खां, के. के. कंस्ट्रक्शन कंपनी, राजपुरा, चूरू द्वारा संचालित किए जा रहें है। श्रमिकों ने भुगतान नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है व ग्रामीण इलाकों के सार्वजनिक कुओं से सप्लाई बंद करने की बात कही है। थानाधिकारी भी त्योहार शांतिपूर्ण व सुखद निकले इसके लिए मामले में हस्तक्षेप कर ठेकेदार से वार्ता कर रहें है। माचरा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देते हुए प्रशासन को तुरंत समस्या समाधान करवाने की मांग की है।




