May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 नवंबर 2021। क्षेत्र में 18 नवंबर को जैसलसर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल 19 वर्षीय युवक रजीराम पुत्र दुलाराम मेघवाल की रविवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई है। ट्रेक्टर से टक्कर में घायल रजीराम तीन दिन जीवन के लिए संघर्ष करता रहा और आखिर में हार गया और इसके साथ ही पिता दुलाराम के हौसले भी हारने लगे है। 6 वर्ष पूर्व एक युवा पुत्र को खो देने वाले दुलाराम व उनकी पत्नी का रजीराम मेहनत मजदूरी कर सहारा बनने ही लगा था कि काल की क्रूर नियति का शिकार हो गया। दुलाराम के घर में मातम पसर गया है और गरीब परिवार पर टूटे इस कहर से गांव में हर कोई गमगीन है। हेड कांस्टेबल आवड़दान पीबीएम पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम करवा रहें है और थोड़ी देर में शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
युवा जागरूक होकर हेलमेट का प्रयोग प्रारंभ करें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। हेलमेट पहनना सड़क पर सुरक्षा के लिए जरूरी है और हमारे क्षेत्र में इसके प्रति जागरूकता ना के बराबर है। ग्रामीण क्षेत्रों के सैंकड़ो युवा रोजाना श्रीडूंगरगढ़ आने या आस पास के गांवो में आने जाने के लिए मोटरसाइकिल का ही प्रयोग करते है परन्तु हेलमेट का प्रयोग 2 से 3 जनें ही करते है। थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने कहा कि पुलिस हेलमेट जागरूकता के लिए प्रयासरत है परंतु युवाओं को स्वयं जागरूक हो और दुपहिया वाहन हेलमेट पहन कर ही चलावे। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स भी क्षेत्र के युवाओं से अपील करता है कि देशहित व परिवार की उन्नति सहारे के लिए उनका जीवन अनमोल है और वे दुपहिया वाहनों पर लंबा सफर करने से पहले हेलमेट जरूर पहने।